देवरिया। रिजर्व पुलिस लाइंस में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। एसपी अभिजित आर शंकर ने परेड की सलामी लेने के बाद पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता और अनुशासन का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई और टोलीवार ड्रिल कराकर उनकी तैयारियों को परखा।
इसके बाद पुलिस लाइंस की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि परेड में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हुए। एसपी ने शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित अभ्यास करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने क्वार्टर गार्द, एमटी शाखा, डॉग स्क्वॉयड और यूपी 112 की पीआरवी का निरीक्षण किया। पीआरवी में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों और फर्स्ट एड किट की स्थिति देखी।
उपकरणों की सफाई, उचित रखरखाव और सही तरीके से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। एसपी ने गार्द कमांडरों और विभिन्न शाखाओं के रजिस्टर भी जांचे। अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और समय-समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। संवाद