देवरिया। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मरीजों की भीड़ से व्यवस्था बिगड़ गई। करीब तीन हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
कुछ जगह बिना नंबर के डॉक्टर कक्ष में जाने पर शोर हुआ तो कुछ जगह धक्का-मुक्की हुई। सुरक्षाकर्मियों ने मरीजों को समझा कर शांत कराया। दवा काउंटर और बिलिंग काउंटर पर दोपहर बाद तक कतार लगी रही।
विज्ञापन
मंगलवार को अस्पताल खुलने पर शहर से लेकर ग्रामीणांचल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचे। सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लोग पहुंचने लगे। नौ बजे तक कतार लग गई। सुबह 10:30 बजे पुरुष और महिला काउंटर पर लंबी कतार लग गई।
करीब 2300 लोगों ने पर्ची ली। 12 सौ मरीज फालोअप में पहुंचे थे। आर्थो विभाग के तीनों कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ रही। यहां करीब दोपहर 12 बजे डॉक्टर कक्ष के गेट पर भीड़ लग गई। कुछ लोगों के बिना नंबर के अंदर जाने पर कतार में खड़े लोग शोर करने लगे।