संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। मगहरा चौराहे पर बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ता जिला प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका के गांव जाने वालीकरुअना-मगहरा-सलेमपुर सड़क बदहाल होने से कार्यकर्ता नाराज थे। करीब तीन घंटे की जद्दोजहद के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
भाजपा नेता प्रमोद मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ता और ग्रामीण मगहरा चौराहे पर सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। खुखुंदू पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों के अनुसार, पुलिस के सख्ती दिखाने पर कार्यकर्ता और ग्रामीण उग्र हो गए। प्रमोद मिश्र का कहना था कि करुअना-मगहरा-सलेमपुर, पकड़ी-बरांव-मोहरा, बरहज-देवरिया, बेलडांड़ के रास्ते रोहुआर से देवरिया तक सड़कें जर्जर हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों की हालात न सुधरने के पीछे जिला प्रशासन भी जिम्मेदार है। इससे सरकार की किरकिरी हो रही है। मौके पर पहुंची तहसीलदार सलेमपुर अलका सिंह, सीओ दीपक शुक्ल के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इस दौरान देवेंद्र मिश्र, अरुण तिवारी, कृष्णमुरारी दूबे, संजय तिवारी, अविनाश, विनोद, जटाशंकर, रमेश शर्मा, ओपी यादव, मानवेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।