घर छोड़कर जिला पंचायत सदस्य का पति फरार, होटल मैनेजर से चल रही पूछताछ
कई ठिकानों पर पुलिस ने मारा छापा, जिला पंचायत सदस्य और उसके एक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सलेमपुर क्षेत्र के एक वार्ड की जिला पंचायत सदस्य के पति पर रिश्ते की बहन को कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा पिलाकर यौन शोषण करने के मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने पूरी रात आरोपी की गिरफ्तार के लिए छापा मारा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दिया। बेहाश होने के बाद उसने दुष्कर्म कर वीडियो भी बना लिया।
छापे के दौरान बुधवार की रात में होटल मैनेजर और रजिस्टर को पुलिस कोतवाली ले आई। होटल मैनेजर से पूछताछ की जा रही है। वहीं कोतवाली पुलिस के साथ आधी रात को देवरिया पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह फरार था। दबाव बनाने के लिए पुलिस ने घर पर मौजूद महिला जिला पंचायत सदस्य और उसके एक रिश्तेदार को हिरासत में ले लिया और उनके पूछताछ कर रही है।
सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी नौवीं की छात्रा है। बुधवार की शाम पीड़िता किशोरी सलेमपुर कोतवाली पहुंची और आपबीती बताई। उसके पिता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि छह मार्च को रिश्ते के भाई ने उसे झांसे में डालकर देवरिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ले गया और कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दिया। जब वह बेहोश हो गई तो उसने दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया। विरोध करने पर जान से मारने धमकी दी।
एसपी विक्रांत वीर के निर्देश पर बुधवार की देर रात सदर कोतवाली पुलिस में पाॅस्को एक्ट, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में आरोपी पर केस दर्ज कर लिया। देर रात को पुलिस ने होटल पर छापा भी मारा। एंट्री रजिस्टर की जांच-पड़ताल हुई तो उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं पाई। घटना के दिन का सीसीटीवी फुटेज भी डीबीआर से डिलीट कर दिया गया है।
इसके बाद पुलिस उपस्थिति रजिस्टर और मैनेजर को हिरासत में लेकर कोतवाली चली आई। देर रात को पुलिस सलेमपुर ने कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले आरोपी युवक के घर पर भी छापा मारा, मगर आरोपी फरार मिला। जबकि घर पर सो रही उसकी पत्नी और एक रिश्तेदार को पुलिस ने दबाव बनाने के लिए हिरासत में लेकर थाने चली आई। बृहस्पतिवार को भी उसके कई ठिकानों पर छापा मारा गया।
..
सत्ताधारी दल के कई नेताओं का चहेता है आरोपी
जिला पंचायत सदस्य का पति होने के चलते आरोपी मनोज कन्नौजिया भाजपा के बड़े नेताओं का करीबी रहा है। हाल ही में एक पूर्व सांसद और संगठन के बड़े पद पर कार्यरत नेता के साथ प्रदेश और देश के कई बड़े नेताओं से उसने मुलाकात की थी। इसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया था। घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह फोटो खूब वायरल हो रही हैं और विपक्षी दलों से जुड़े लोग इस पर सवाल भी खड़े कर रहे हैं।
शहर के होटलों में बिना आधार के ही एंट्री, पुलिस रहती है चुप
नियम है कि होटलों में जितने लोग ठहरते हैं सबका आधार कार्ड लेकर इंट्री दी जाए। लेकिन जिले में ऐसा नहीं हो रहा है। शहर के रेलवे स्टेशन रोड, मछलीहट्टा, सीसी रोड, मोतीलाल रोड, बैतालपुर ढाबे के पास स्थित होटलों व लॉज संचालक इस नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। निर्धारित दर से तीन से चार गुना अधिक धन लेकर वह युवा जोड़ों व अन्य को कमरा उपलब्ध करा दे रहे हैं। इन होटलों व लॉज में क्या होता है, पुलिस सब कुछ जानती है, लेकिन कार्रवाई करने के नाम पर कन्नी काट जाती है। चर्चा तो यह भी है कि पुलिस को हर माह यहां से बधी बधाई रकम मिलती है, ऐसे में वह यहां रेड मारने से बचती है। ऐसे में ये संचालक बिना डर भय के माल बनाने में लगे हुए हैं। इससे पाॅस्को एक्ट, दुष्कर्म जैसे अपराध को बढ़ावा मिल रहा है। बीते छह मार्च को शहर स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में जिला पंचायत सदस्य का पति रिश्ते की बहन को लेकर गया था। बिना आधार कार्ड के ही उसे इंट्री भी मिल गई। मामला सामने आने पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात जब संबंधित होटल की छापेमारी की तो इंट्री रजिस्टर से इसका खुलासा हुआ।
कोट
दुष्कर्म के आरोपी युवक की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं। उसके कई ठिकानों पर पुलिस टीम गई थी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसकी खोजबीन की जा रही है। युवक के परिजनों से भी पुलिस इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
...दीपक शुक्ला, सीओ सलेमपुर
.