बरहज। अधिवक्ताओं की हड़ताल खत्म कराने के लिए तहसील परिसर में मंगलवार को बार-बेंच की बैठक नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि अधिकारियों के मुख्यालय से बाहर होने के कारण बैठक स्थगित की गई।
तहसील बार संघ अध्यक्ष चंद्रगुप्त यादव और महामंत्री अमरेश यादव के नेतृत्व में बार-बेंच की बैठक बुलाई गई थी। अधिवक्ताओं के अनुसार, अधिकारियों के अचानक अनुपस्थिति के कारण बैठक को टाल दिया गया।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुर गांव निवासी और तहसील बार संघ के पूर्व अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह चकनाली पर बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे। प्रकरण में अधिकारियों के समक्ष हुए धक्का-मुक्की में बिजेंद्र सिंह की गिरकर मौत हो गई थी। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी, परिजनों को आर्थिक मदद सहित अन्य मांगों को लेकर अधिवक्ता आंदोलनरत हैं। मंगलवार को भी अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किए। महामंत्री अमरेश यादव ने बताया कि परिसर में अधिकारियों के न होने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई। इस मौके पर तहसील बार संघ के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र सिंह, उदयराज चौरसिया, श्रवण सिंह, चंद्रभान चौरसिया, सत्यप्रकाश मालवीय आदि मौजूद रहे।