- भाई की शह पर प्रोपराइटर का प्रदेश स्तर के कई सत्ताधारी दल के नेताओं से मिलना-जुलना
- सूत्रों की मानें तो मंडल के छह जनपदों में चलता है भोजन सप्लाई का ठेका
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेहरौना आश्रम पद्धति स्कूल के छात्रों को भोजन उपलब्ध कराने वाले मेस के ठेकेदार पर एफआइआर दर्ज कराई है। यही नहीं मेस का ठेका भी निरस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद जिले सहित मंडल में खलबली मच गई है। क्योंकि ठेकेदार के बड़े भाई सत्ताधारी दल के बड़े नेता हैं। उनके बल पर ठेकेदार का भी कई सत्ताधारी दल के नेताओं के साथ उठने-बैठने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती है।
आश्रम पद्धति विद्यालय में बासी भोजन खाने से करीब 90 छात्र बीमार पड़ गए। इनमें 61 छात्रों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसमें एक छात्र को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जिसकी इलाज के क्रम में बुधवार की सुबह मौत हो गई। इस सूचना के बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रों को भोजन उपलब्ध कराने वाली संस्था कन्हैया फ़र्म चौरीचौरा के ठेके को निरस्त करते हुए प्रोपराइटर राजेश गुप्ता के विरुद्ध बरियारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इधर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूरे मंडल में खलबली मच गई। प्रोपराइटर राजेश गुप्ता का बड़ा भाई सत्ताधारी दल का पिछड़ा प्रकोष्ठ का एक बड़ा नेता बताया जा रहा है। वह अपने ऊंची रसूख की बदौलत मंडल के 6 जनपदों में आवासीय विद्यालयों में भोजन और सामान की सप्लाई करता है। आए दिन सोशल मीडिया पर फर्म पर मंडल के ठेकेदार की फोटो जनप्रतिनिधियों के साथ वायरल होती रहती है। देवरिया में हुए कांड के बाद नेता चर्चा में है वह रुद्रपुर क्षेत्र का मूल निवासी बताया जा रहा है।