देवरिया। पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी के लिए शहर के मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। वहीं मेन पाइप लाइन को भी देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर कचहरी चौराहे के पास तक जोड़ दिया गया है। उम्मीद है कि शहर में भी महीने भर के अंदर कुछ मोहल्लों में आपूर्ति के लिए ट्रायल शुरू हो जाएगा।
स्वच्छ व सुलभ रसोई गैस की आपूर्ति के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश पर देवरिया जिले में गौरी बाजार, बैतालपुर, देवरिया होते हुए सलेमपुर तक पाइप लाइन बिछाई जा रही है। बैतालपुर और गौरी बाजार में मेन लाइन के बाद अब मोहल्लों में भी पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। वहीं शहर में भी सभी 25 मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाई जा रही है। वहीं मेन पाइप लाइन से इनको जोड़ने का कार्य भी हो रहा है। अगले महीने से घरों में कनेक्शन देने की तैयारी है। इसके लिए टाउन हॉल के सामने के पार्क में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके लिए गैस कंपनी ने प्रशासन से जमीन की मांग की है।
पीएनजी शुरू होने पर खत्म होगी सिलिंडर की मारामारी
देवरिया शहर में करीब 20 हजार उपभोक्ता हैं। अभी सात एजेंसियों से इनको गैस सिलिंडर की आपूर्ति होती है। जब से इरान-अमेरिका युद्ध शुरू हुआ है, शहर के लोग सिलिंडर के परेशान हैं। होम डिलिवरी पर भी 12 दिन की वेटिंग है। ऐसे में पाइप लाइन की आपूर्ति शुरू होने पर लोगाें को रसोई गैस के लिए परेशान नहीं होला पड़ेगा। मोहल्लों में पाइप लाइन पड़ने से लोगों में उम्मीद बढ़ी है।
ग्रामीण क्षेत्र में भी कम होगी सिलिंडरों की कमी
देवरिया, गौरी बाजार, बैतालपुर, सलेमपुर समेत प्रमुख कस्बों में पाइप लाइन से रसोई गैस की आपूर्ति शुरू होने पर बड़ी संख्या में सिलिंडर सरेंडर होंगे। इसका फायदा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलेगा। क्योंकि शहर से बचा सिलिंडर का कोटा ग्रामीण क्षेत्र में ही जाएगा।
पाइप लाइन से रसोई गैस की आपूर्ति के लिए तेजी से काम चल रहा है। कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधि ने बताया है कि बैतालपुर और गौरी बाजार के बाद शहर में कनेक्शन जोड़ने व ट्रायल का काम शुरू होगा। बरसात से पहले कुछ जगहों पर आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।
संजय पांडेय, जिलापूर्ति अधिकारी