देसही देवरिया। हेतिमपुर में छोटी गंडक नदी में शुक्रवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ लोगों का कहना है कि युवक ने नदी में कूद कर जान दी।
महुआडीह थानाक्षेत्र के हेतिमपुर कस्बे में छोटी गंडक नदी पर बने पुल के दक्षिण तरफ एक युवक नहाने के लिए सीधी नदी में उतर गया। वह डूबने लगा। यह देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। कुछ युवकों ने उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों के सहयोग से परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे घरवालों ने मृतक की पहचान धर्मराज गुप्ता (45) निवासी, कसया वार्ड नंबर 27 के रूप में की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का मानना है कि युवक स्नान के दौरान डूब गया। जबकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है पारिवारिक विवाद में उसने नदी में आत्महत्या कर ली। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।