रामपुर कारखाना। स्थानीय थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव निवासी एक महिला ने अपने नाती की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। महिला का आरोप है कि साजिश के तहत बालक की पिटाई कर उसे बगीचे में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बैजनाथपुर निवासी अशर्फी देवी ने बृहस्पतिवार को पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा है कि उनकी पुत्री बिंदु देवी की शादी वर्ष 2010 में पिपरा मदन गोपाल गांव निवासी रामगणेश उर्फ पप्पू यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज में एक लाख रुपये और दोपहिया वाहन की मांग को लेकर उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मारपीट के साथ ही गर्म रॉड से दागकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पूर्व में शिकायत भी हुई थी, लेकिन बाद में पंचायत के जरिए समझौता करा दिया गया।
पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी ने दूसरी शादी कर ली और उनकी पुत्री पर जबरन तलाक का दबाव बनाते हुए मारपीट कर घर से भगा दिया। इसके बाद उसकी पुत्री अपने दो बच्चों अंकुर यादव और अंशिका यादव के साथ मायके में रहने लगी। फरवरी में आरोपी पक्ष दबाव बनाकर 11 वर्षीय अंकुर यादव को अपने साथ ले गया। परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि बालक के साथ मारपीट की जा रही है।
आरोप है कि 19 अप्रैल की शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच बालक गांव के पास बगीचे में अचेत अवस्था में मिला। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 21 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।
मृतक की नानी ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने साजिश के तहत बालक की पिटाई कर हत्या कर दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष अश्वनी प्रधान ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।