दो दिनों से लापता युवक का शव नदी में मिला
पथरदेवा। तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर खास निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार की सुबह गांव की ही छोटी गंडक नदी में मिला। दो दिन से वह घर से लापता था। उसके पिता ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी। केस दर्ज नहीं हुआ था। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या की गई है।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर खास गांव निवासी राज कुमार सिंह (30) विदेश में आर्गन वेल्डर थे। लॉकडाउन के पहले विदेश से गांव चले आए थे। वह राजस्थान की एक कंपनी में आर्गन वेल्डर का कार्य करने लगे। एक सप्ताह पहले वह घर आए थे। 12 अप्रैल की देर शाम को घर के बगल में एक व्यक्ति के वहां हल्दी समारोह से भोजन करके निकले थे। देर रात तक जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल फोन पर कॉल किया, लेकिन उन्होंने उसे रिसीव नहीं किया।
परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। परिजनों ने देर रात तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई अता-पता नहीं चला। परिजन जब उनके मोबाइल फोन पर कॉल करते थे तो घंटी बजती थी, मगर कॉल रिसीव नहीं होता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह छह बजे तक रिंग जा रही थी। उसके बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगा। परिजनों की चिंता और बढ़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर युवक की खोजबीन की। कुछ पता नहीं चला।
निराश परिजन बुधवार की देर रात में तरकुलवा पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। इसी बीच रामपुर खास गांव के पश्चिम छोटी गंडक नदी में सुबह युवक का शव ग्रामीणों ने देखा और उसकी जेब से मिले पासपोर्ट से उसकी शिनाख्त राजकुमार सिंह के रूप में हुई। यह सूचना जब परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। पिता विनोद सिंह, मां विमला देवी, भाई शिवकुमार और सोनू दहाड़े मारकर रोने लगे। थानाध्यक्ष नवीन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को बताया जा सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।
कॉल डिटेल को खंगाल रही पुलिस
बघौचघाट। तरकुलवा क्षेत्र के रामपुर खास गांव निवासी राजकुमार सिंह की मौत से समूचे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों और लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर पड़ोस में हल्दी का भोजन करने राजकुमार सिंह छोटी गंडक नदी तक कैसे पहुंच गए। पुलिस राजकुमार के मोबाइल फोन की काल डिटेल को खंगालने में जुट गई है, ताकि घटना से रहस्य का पर्दा उठ सके। हालांकि युवक की मौत के मामले में पुलिस के शक की सुई बगल के ही गांव की ओर भी जा रही है। वहां युवक का काफी दिनों से आना-जाना था। संवाद