प्राथमिक विद्यालय, पंचायत घर एवं सामुदायिक शौचालयों की जांच में मिलीं कई खामियां
पांचों तहसीलों के स्कूलों, पंचायत घर, सामुदायिक शौचालय और सफाईकर्मियों की उपस्थिति की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के पांचों तहसील क्षेत्रों में स्थित परिषदीय स्कूलों, पंचायत घर, सामुदायिक शौचालय और सफाईकर्मियों की उपस्थिति का सत्यापन करने के लिए बुधवार को विशेेष अभियान चलाया गया। डीएम के निर्देश पर सभी एसडीएम, सभी बीडीओ को पांच-पांच ऐसी जगहों का निरीक्षण करने का आदेश दिया गया। इसकी निगरानी डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह व सीडीओ रवींद्र कुमार स्वयं कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई खामियां मिलीं और इसकी रिपोर्ट भी इन्होंने सौंप दी।
एसडीएम के निरीक्षण में अनेक शिक्षक अनुपस्थित, शौचालयों में दिखी गंदगी
भाटपाररानी। एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने विकासखंड भाटपार रानी और बनकटा के कई परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। कहीं विद्यालय बंद तो कहीं अध्यापक अनुपस्थित मिले। शौचालयों में गंदगी का अंबार देखने को मिला। एसडीएम सबसे पहले विकास खंड भाटपाररानी के प्राथमिक विद्यालय परोहा पहुंचे। जहां विद्यालय बंद मिला। वहां से प्राथमिक विद्यालय भिंगारी बाजार गए। जहां सभी अध्यापक उपस्थित रहे तथा छात्रों की उपस्थिति और शौचालय की सफाई संतोषजनक रही। प्राथमिक विद्यालय बेलही मठ के जर्जर हो चले भवन में बच्चे बैठे थे। वहां नौ अध्यापकों में छह अध्यापक लालमति, ऋषिकेश, राहुल वर्मा, रोहित कुमार, नायब सिंह यादव और मेवाती देवी अनुपस्थित मिले। इनके छुट्टी का भी कोई प्रार्थना पत्र नहीं पाया गया। शौचालय में गंदगी का अंबार लगा था। सफाईकर्मी भी अनुपस्थित था। वहां से प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर तिवारी पहुंचे। जहां शौचालय में बेहद गंदगी मिली। सफाई कर्मी अभिषेक यादव अनुपस्थित मिला। प्राथमिक विद्यालय तातायार बुजुर्ग में मिड-डे मील लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा था। गैस सिलिंडर नहीं था। शौचालय की सफाई संतोषजनक रही। प्राथमिक विद्यालय बहोरवा की स्थिति भी संतोषजनक रही। प्राथमिक विद्यालय सिरसिया मिश्र में शौचालय और प्राथमिक विद्यालय परिसर में भी काफी गंदगी देखने को मिली। विकास खंड बनकटा के कंपोजिट विद्यालय छपिया बघेल में दो अध्यापक अब्बास अली और महफूज खां अनुपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय सिरिसिया पवार में सहायक अध्यापक सोनी गुप्ता और सफाईकर्मी प्रभुनाथ अनुपस्थित पाए गए। शौचालयों की सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। एसडीएम ने बताया कि वे इसकी रिपोर्ट डीएम को देंगे।
सिधावे धर्मागत पट्टी में सामुदायिक शौचालय बना ही नहीं
बघौचघाट। पथरदेवा ब्लॉक के बीडीओ सुरेश प्रसाद गौतम अपने सहयोगियों के साथ पथरदेवा, कुचया, मछैला, वृक्षापट्टी,धर्मागतपट्टी गांव का निरीक्षण करने पहुंचे। सभी गांव के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय चल रहे थे। शिक्षक भी उपस्थित एवं मीनू के अनुसार भोजन बनाने की तैयारी चल रही थी। सिधावे धर्मागतपट्टी में सामुदायिक शौचालय बना ही नहीं हैं। इसके लिए बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। अन्य गांवों में शौचालय ठीक हालत एवं उपयोग में मिले। सफ़ाईकर्मी भी उपस्थित पाए गए। पंचायत भवन भी सभी गांव में ठीक मिले।
बैतालपुर में पांच शिक्षक मिले अनुपस्थित
बैतालपुर। विकास खंड के अवनींद्र पांडेय ने पांच परिषदीय विद्यालयों की जांच की। उन्होंने मेहड़ा जुनियर हाईस्कूल, बोड़िया अनन्त जुनियर व प्राथमिक विद्यालय, रुच्चापार व बरारी प्रथम गांव के प्राथमिक विद्यालय में पठन पाठन चलते हुए पाया। सभी जगहों पर एमडीएम में तहरी बन रही थी। जबकि इन पांच विद्यालय के पांच शिक्षक सीएल लगाकर अनुपस्थित मिले।
जांच में जिम्मेदार मिले अनुपस्थित
लार। बीडीओ चंद्रभूषण यादव ने ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सहजौर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मझवलिया नंबर दो, प्राथमिक विद्यालय मझवलिया नंबर दो, प्राथमिक विद्यालय बौरडीह, प्राथमिक विद्यालय मधवापुर व उच्च प्राथमिक विद्यालय भुड़सुरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय मझवलिया नंबर दो के शिक्षामित्र प्रदीप कुमार शर्मा व अनुदेशक कुमारी वंदना अनुपस्थित पाई गई। मझवलिया नंबर दो में सफाई कर्मचारी धनंजय प्रसाद भी गायब मिले। यहीं पर सामुदायिक शौचालय अपूर्ण मिला।