गौरी बाजार-ओमान मिसाइल हमले में सूरज की मौत के बाद घर पहुंचे लोग
गौरी बाजार। ओमान के पूर्वी तट पर मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमले में जान गंवाने वाला सूरज यादव देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम करमा जीतपुर गांव का रहने वाला था। 20 वर्षीय सूरज 19 अगस्त को ओमान गया था।
उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर सांत्वना देने पहुंचे। बताया जा रहा है कि मिसाइल हमले के बाद जहाज पर सवार चालक दल के सभी 20 सदस्य पानी में कूद गए।
पानी में कूदने के दौरान जहाज से निकला मलबा सूरज के सिर से टकरा गया। इससे उसे गंभीर चोट आई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घरवालों ने बताया कि सूरज एमबी केव दाओ नामक कॉमर्शियल मालवाहक जहाज पर वाइपर के पद पर कार्यरत था।
सूरज की मौत की खबर सुनते ही मां पुष्पा देवी के चीत्कार से पूरा गांव गमगीन हो गया। गांव वालों को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि 19 अगस्त को घर से निकला सूरज अब उनके बीच लौटकर नहीं आएगा।
सूरज चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई सन्नी, समीर और साहिल छात्र हैं। बड़े भाई की मौत से तीनों भाई विचलित हो गए हैं। करमाजीतपुर गांव के यादव टोले में युवक की मौत से मातम पसर गया है।