-मनमानी कटौती, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग से अजीज हैं उपभोक्ता, आंदोलन की बना रहे रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। भीषण गर्मी में तरकुलवा उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है़। मेन लाइन में ब्रेकडाउन, मनमानी कटौती और लो वोल्टेज के चलते उपकेंद्र से जुड़े करीब 400 गांवों के लाखों उपभोक्ता बेहाल हैं। बिजली के आने-जाने का कोई निर्धारित शेड्यूल नहीं है। लगातार ट्रिपिंग से लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण भी खराब हो रहें हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश है। हालात नहीं सुधरे तो लोग सड़कों पर उतर कर आंदोलन की रणनीति बना रहें हैं।
33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र तरकुलवा से जुड़े तरकुलवा, गढ़रामपुर, पथरदेवा व बंजरिया फीडर की मेन सप्लाई 132/33 केवी कसया पॉवर हाउस से होती है। इससे उपकेंद्र के करीब 400 गांवों के उपभोक्ता को बिजली आपूर्ति दी जाती है। कुछ हफ्तों से उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति में दिन रात की भीषण कटौती से लोग बेहाल हैं। ऊपर से आए दिन 33 केवी मेन लाइन में ब्रेकडाउन और लो वोल्टेज की समस्या से लोग त्रस्त हो चुके हैं। बिजली के आने-जाने का कोई निर्धारित शेड्यूल नहीं है। 24 घंटे में 10-12 घंटे भी ठीक ढंग से सप्लाई नहीं मिल रही है।
लोगों का कहना है़ कि कसया से आने वाले मेन लाइन के तार, क्रॉस आर्म व अन्य उपकरण जर्जर होने से हर रोज कहीं न कहीं ब्रेकडाउन हो जाने से आपूर्ति ठप हो जाती है। काफी घंटों बाद आपूर्ति चालू होने पर अधिकांश गांवों व कस्बों में लो वोल्टेज और हर दो-चार मिनट पर ट्रिपिंग से लोगों के घरों में लगे इनवर्टर, कूलर, फ्रिज, पंखे आदि बिजली के उपकरण खराब हो जा रहें हैं। बिजली कटने पर बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन तक नहीं उठाते हैं। बिजली की अघोषित कटौती से हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है। अघोषित बिजली कटौती को लेकर पथरदेवा के नगर पंचायत अध्यक्ष क्रांति सिंह ने बृहस्पतिवार को सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में निगम के अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए बातचीत की। समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
उधर, सपा नेता सद्दाम हुसैन ने सोशल मीडिया पर निगम के अफसरों को अविलंब विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा है़। अन्यथा की स्थिति में उन्होंने जनांदोलन की चेतावनी दी है। इस क्रम में सपा नेता सुभाष पाठक, पूर्व जिला पंचायत ओमप्रकाश यादव, डा.मुहम्मद इस्लाम, ओमप्रकाश गौतम, कांग्रेस नेता दयाशंकर पति द्विवेदी, भरत यादव, संतोष गौतम, राघव कुमार पांडेय, विनोद जायसवाल, अशोक यादव आदि ने बिजली व्यवस्था ठीक न होने की दशा में सड़क पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जेई लवकेश सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही इसे ठीक कर लिया जाएगा।