अंकपत्र में में प्रमोट लिखने से नाराज छात्रों ने किया प्रदर्शन
देवरिया। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के घोषित नतीजों से कुछ छात्रों में नाखुशी है। कई छात्रों के अंकपत्र में नंबर न प्रदर्शित कर केवल प्रमोट लिख दिया गया है। इसी के विरोध में राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों ने पहले डीएम आवास के सामने देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंचे सदर तहसील के नायब तहसीलदार ने उन्हें तहसील कार्यालय में बुलाया। यहां पहुंचे छात्रों ने नायब तहसीलदार धर्मवीर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
हाईस्कूल के परिणाम से असंतुष्ट छात्रों ने सोमवार की दोपहर में डीएम आवास के सामने देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग को जाम कर नारेबाजी करनी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने उन्हें समझाया-बुझाया और कार्यालय आकर अपनी लिखित शिकायत देने को कहा। 15 मिनट के जाम के बाद छात्र तहसील कार्यालय पहुंचे और जीआईसी कॉलेज प्रशासन के विरोध में यहां भी नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि उन्होंने जीआईसी से हाईस्कूल परीक्षा का आवेदन किया था। इस वर्ष छात्रों को प्रमोट किया गया है। लेकिन उनके अंकपत्र में नंबर न दिखाकर केवल प्रमोट लिखा दिखा रहा है। उन्होंने ज्ञापन दिया। छात्रों में अमितेश प्रजापति, आकाश यादव, विशाल शर्मा, विमलेश यादव, मेहताब अली, शिवम शर्मा, अनूप यादव, विवेक कन्नौजिया, अंकित यादव, दीपक कुशवाहा, विपिन यादव आदि शामिल रहे।
यूपी बोर्ड ने परीक्षा परिणाम जारी किया है। किसी छात्र को कोई शिकायत है तो ऑनलाइन या ऑफलाइन वह बोर्ड से कर सकता है। जिसका नंबर कम है या केवल प्रमोट लिखा है, बोर्ड ने तो पहले की कह दिया था कि जो छात्र असंतुष्ट होगा, वह अगले साल होने वाली लिखित परीक्षा में बैठ सकता है। -पीके शर्मा, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया