पूर्व सांसद के बेटे ने थामा भाजपा का दामन
भाटपाररानी। पूर्व सांसद हरिवंश सहाय कुशवाहा के छोटे पुत्र डॉ अरविंद सहाय ने शुक्रवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के समक्ष सदस्यता ग्रहण की।
डॉ अरविंद सहाय चौधरी चरण सिंह महाविद्यालय बरईपार पांडेय भाटपाररानी के प्राचार्य हैं। पूर्व सांसद हरिवंश सहाय इस समय अस्वस्थ हैं और उनका इलाज दिल्ली में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वह शुरू से ही सोशलिस्ट रहे हैं। हरिवंश सहाय को मुलायम सिंह यादव ने प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया था। वे मुलायम सिंह मंत्री मंडल में एक बार दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भी रहे हैं। हरिवंश सहाय भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक और एक बार सलेमपुर के सांसद रह चुके हैं। बीच में वे कुछ दिनों के लिए बसपा में भी चले गए थे और बाद में पुन: समाजवादी पार्टी में चले आए थे। डॉ अरविंद सहाय बसपा के लोकसभा प्रभारी भी रहे हैं।