मुठभेड़ में घायल पशु तस्कर दिलीप सोनकर
बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। क्षेत्र के मठिया गांव के समीप मंगलवार की सुबह गिरफ्तार पशु तस्कर बुधवार की भोर में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का दावा है कि तस्कर ने दरोगा की पिस्टल छीनकर फायर झोंक दिया, जिसपर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तस्कर घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, करकटही थाना खुखुंदू निवासी पशु तस्कर दिलीप सोनकर को पुलिस ने मंगलवार की सुबह मठिया से पिकअप वाहन में 11 गोवंशीय पशुओं के साथ पकड़ा था।
पुलिस के अनुसार दिलीप देर रात पेट में दर्द की बात कहते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। भोर में उसे पुलिस की गाड़ी से इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था।
पीएचसी के समीप दास नरहिया मोड़ पर उसने नित्यक्रिया की बात कही। पुलिस के अनुसार वाहन से नीचे उतरते ही उसने बगल में खड़े एसआई का पिस्टल छीनकर भागते हुए पुलिस टीम पर फायर कर दिया। उसे झाड़ियों में छुपा देखकर सरेंडर करने के लिए कहा गया। बाद में पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग की, जिसमें तस्कर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल तस्कर को पुलिस पहले पीएचसी ले गई, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोपी पशु तस्कर पर विभिन्न थानों में गोवध और आर्म्स एक्ट के आठ मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में एएसपी दक्षिणी सुनील सिंह ने बताया कि अभियुक्त ने दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में तस्कर को गोली लगी है। जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।