बरियारपुर। क्षेत्र के गौरकोठी के बाबू टोला में सोमवार को मोबाइल चोरी के शक में परिवार के भीतर विवाद हो गया। आरोप है कि एक महिला ने बेटे के साथ मिलकर देवर को जमीन पर पटक कर लाठी-डंडों से पीटा।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, बाबू टोला निवासी रेखा देवी पत्नी विनय सिंह का कहना है कि उनके देवर मिथुन राव ने उसका मोबाइल गायब कर दिया। इसी आरोप को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि रेखा देवी और बेटे रौनक राव ने मिलकर मिथुन राव की पिटाई कर दी। हंगामे की सूचना पर ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
वहीं पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मिथुन का उपचार कराया। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। एसओ त्रिवेंद्र मौर्य ने बताया कि दोनों पक्ष थाने पर आए थे और आपस में सुलह-समझौता कर लिया। संवाद