बैतालपुर। गौरीबाजार क्षेत्र के ककवल-रैश्री मार्ग पर मंगलवार को बच्चों को घर छोड़ने जा रही लॉर्ड एकेडमी की स्कूल वैन सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में वैन सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय की छुट्टी के बाद वैन बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में बाइक आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वैन को दूसरी तरफ मोड़ा, तभी स्टीयरिंग फेल हो गया।
इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई से होते हुए खेत में पलट गया। हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को वैन से बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर गौरीबाजार पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।
लॉर्ड एकेडमी के प्रबंधक विकास गुप्ता ने बताया कि सामने से आ रही बाइक को बचाने के दौरान वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी बच्चे सुरक्षित हैं। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्टीयरिंग फेल होने से हादसा होने की बात सामने आई है। संवाद