गंडक नदी का बालू लदा ट्रक पुलिस ने पकड़ा
देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव स्थित छोटी गंडक नदी के तट पर पुलिस ने शनिवार को बालू लदे डंपर को पकड़ा। डंपर का पहिया बालू में धंस गया। चालक उसे ले जाने में सफल नहीं हो सका, तब तक पुलिस पहुंच गई।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव स्थित छोटी गंडक नदी से सुबह बालू लादकर लेकर जा रहे डंपर का पहिया बालू में धंस गया। चालक ने निकालने का काफी प्रयास किया। घाट पर वाहन फंसने की जानकारी मिलते ही बालू माफिया ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गया। ट्रैक्टर से वाहन खिंचवा रहा था कि इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया और थाने ले गई। एसओ महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि नौतन हथियागढ़ छोटी गंडक नदी से बालू लादकर एक डंपर जा रहा था। घाट पर ही उसे कब्जे में ले लिया गया है। खनन विभाग को सूचना दे दी गई है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में नहीं थम रहा बालू खनन
देसही देवरिया। रामपुर कारखाना और महुआडीह थानाक्षेत्रों में छोटी गंडक नदी से अवैध बालू खनन का कार्य इन दिनों जोरों पर है। कोटवा, हेतिमपुर, शाहजहांपुर, नौतन हथियागढ़ आदि जगहों पर बालू खनन का कार्य तेजी से हो रहा है। बालू माफिया काफी सक्रिय हैं। जिले से बाहर भी बालू की सप्लाई की जा रही है। स्थानीय लोग इस बात की शिकायत लगातार करते रहे हैं, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही धंधेबाज सतर्क हो जाते हैं।