बरहज में सीआईबी और आरपीएफ ने छापा मारा, फर्जी टिकट बनाने वाले को पकड़ा
बरहज। आरपीएफ भटनी और सीआईबी की संयुक्त टीम ने नगर स्थित रेलवे तिराहे पर छापा मारा। यहां से फर्जी आईडी से टिकट बनाने वाले एक व्यक्ति को पकड़ा गया। टीम उसे साथ ले गई। इस कार्रवाई से आसपास के कंप्यूटर की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं।
रविवार को आरपीएफ भटनी एएसआई रणधीर और सीआईबी प्रभारी दिलीप कुमार सिंह की टीम ने सर्विलांस की सूचना पर बरहज में रेल टिकट बनाने वाले दुकानों पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि संयुक्त टीम ने रेलवे तिराहे से शक्ति कालोनी निवासी और दुकानदार को फर्जी आईडी के जरिए रेल टिकट बनाने के आरोप में दबोचा है। उसके पास से 11 लाइव टिकट और 14 पिछले दिनों के रेल टिकट बरामद हुए। टीम को देख धंधेबाजों में हड़कंप रहा। अधिकारियों का कहना था कि काफी दिनों से नगर में फर्जी आईडी के जरिए रेल टिकट बुक करने की सूचना मिल रही थी। जिस पर कार्रवाई की गई है। पूछे जाने पर आरपीएफ प्रभारी प्रियांबु प्रिय का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।