फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़कों के गड्ढे हुए जानलेवा, संभल कर चलें

विज्ञापन
विज्ञापन
सड़कों के गड्ढे हुए जानलेवा, संभल कर चलें
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले की कई सड़कें बदहाल हैं। इनके गड्ढे के चलते आए दिन लोगों की जान जा रही है। ऐसे में सड़क पर चलते समय संभल कर चलें। जरा सी चूक आप पर भारी पड़ सकती है। आंकड़ों पर गौर करें तो एक माह में खस्ताहाल सड़कों पर थोड़ी सी चूक की वजह से चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 50 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। यह हाल तब है जब हर साल लोक निर्माण विभाग सहित अन्य कार्यदायी संस्थाएं करोड़ों रुपये गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत खर्च करती हैं।
इन दिनों बरसात के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की तकरीबन 100 सड़कें टूट चुकी हैं। इनको बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब छह करोड़ रुपये की डिमांड भेजी है। गड्ढों के कारण सितंबर में सिपाही सहित चार बाइक सवार लोगों की मौत हो चुकी है। हल्की बारिश में गड्ढे में पानी जमा हो जाने के कारण आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। जिले की करूवना से मगहरा, मईल से भागलपुर, भागलपुर से पिंडी, भिंगारी बाजार - भटनी मार्ग , देवरिया - कसया मार्ग, देवरिया - बेलड़ाड़ मार्ग, देवरिया - पकड़ी बाजार मार्ग सहित कई ऐसी सड़कें है जिस पर यात्रा करना जान जोखिम में डालना है।
विज्ञापन

अस्पताल में हर रोज आ रहे घायल
देवरिया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी के डॉक्टर रोहित कुमार सिंह और डा.एनके पांडेय ने बताया कि आए दिन खराब सड़कों की वजह से घायल होकर लोग इलाज को आ रहे हैं। शायद ही कोई ऐसा दिन होगा, जिस दिन मार्ग दुर्घटना में घायल मरीज न आए हों। एक सप्ताह पहले कसया रोड पर गड्ढे के कारण पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें छह लोग घायल हो गए। कई जगहों पर तो गड्ढा अचानक बाइक सवार के सामने आने पर बचने के चक्कर में हादसे के शिकार हो जा रहे हैं।
-------------
केस एक --
ड्रेस खरीदने जा रहा युवक गड्ढे में गिरा, मौत
मईल। थाना क्षेत्र के बरेजी बरठा मार्ग पर सोमवार को अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
बरहज थाना क्षेत्र के बड़ौना गांव निवासी भुवाल प्रसाद (27) बाइक से छह वर्षीय बेटी को लेकर बरठा चौराहा स्कूल ड्रेस खरीदने के लिए जा रहे थे। अभी वह बरेजी गांव के आगे पहुंचे था कि बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई। हादसे में बाइक उसके ऊपर गिर गई। वही बेटी सड़क पर गिरी लेकिन संयोग रहा कि वह बच गई। सूचना पर पहुंचे घर वालों ने उन्हें बरहज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि युवक को घर वालों ने इलाज के लिए बरहज ले गए थे वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
केस दो
गड्ढे में गिरकर पुलिसकर्मी की मौत
पैकौली। भलुआनी थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी रविप्रकाश तिवारी पुत्र सुधाकर तिवारी आजमगढ़ में सिपाही के पद पर तैनात थे। रविवार रात ससुराल से बुलेट से ड्यूटी पर जा रहे थे। राम जानकी मार्ग के गायघाट के समीप सड़क पर बने गड्ढे में गिर गए। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौत हो गई। छह भाइयों में इकलौते कमाने वाले रविप्रकाश के मौत के बाद परिवार पर कहर टूट पड़ा है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका शव जब घर पहुंचा तो परिवार के लोगों का रो- रो कर बुरा हाल हो गया था। पत्नी बबली, मां तारा देवी, पिता सुधाकर, दयाशंकर, रमेश, राजन, बमभोले, दीपक दहाड़े मार कर रोने लगे। ग्रामीण सिस्टम को कोसते नजर आए क्योंकि उनकी चूक से गांव का होनहार लाल को खो दिए। सिपाही का दाहसंस्कार बरहज नदी घाट पर किया गया।
केस तीन
स्कूटी बाइक से टकराई
शहर के सीसी रोड पर कुछ दिन पूर्व स्कूटी सवार मनोज शर्मा सड़क खराब होने के कारण बाइक सवार से टकरा गए। जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की वजह सड़क पर बना गड्ढा रहा है। घटना के बाद परिवार पर कहर टूट पड़ा है। वे घर के एक मात्र कमाऊ थे।
विज्ञापन

कोट:
जिले की 80 सड़कें जलभराव की वजह से टूट चुकीं हैं। छह करोड़ से अधिक की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी गई है। धन मिलने के बाद सड़कों की मरम्मत एवं पैचवर्क का कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़कों पर गड्ढे भरे जा रहें हैं।
- कमल किशोर, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें