भटनी में दो लाइब्रेरी को सीज करते तहसील प्रशासन की टीम।
भाटपार रानी (देवरिया)। लखनऊ कोचिंग हादसे के बादशासन के निर्देश पर बुधवार को भी कोचिंग सेंटरों में मानकों की जांच हुई। मानक विहीन तीन कोचिंग सेंटरों को प्रभारी तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह ने सील करा दिया। इसके अलावा तीन कोचिंग सेंटरों पर नोटिस चस्पा किया गया।
तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत टीम बीआरडी रोड पर स्थित सत्यम डिजिटल कंप्यूटर सेंटर पर पहुंची। एक दिन पूर्व नोटिस देने के बावजूद मानकों की अनदेखी करने और कोई सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए जाने पर टीम ने इसे सील कर दिया।
वहां से टीम स्टेशन रोड स्थित एनसीआईटी कंप्यूटर सेंटर पर पहुंची। वहां भी नोटिस के बावजूद मानक की अनदेखी करने पर उसे सील कर दिया गया।
टीम ने बेलपार पंडित स्थित मेहरौना रोड पर चल रहे चाणक्य डिजिटल लाइब्रेरी को भी मानक विहीन पाए जाने पर सील कर दिया।
इसके अलावा टीम ने मॉडल कोचिंग संस्थान आर्य चौक भाटपार रानी, आईसीसी कंप्यूटर सेंटर रानी पोखरा और मां गायत्री एजुकेशनल संस्थान शिव मंदिर रोड भाटपार रानी के यहां जांच के दौरान मानक विहीन पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नोटिस चस्पा कर दिया गया।
तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह ने बताया कि तीन कोचिंग सेंटर को सील किया गया है तथा तीन के विरुद्ध नोटिस चस्पा किया गया है।