तरकुलवा। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत जमुनी से नहर की पटरी होते हुए तरकुलवा-बंजरिया मार्ग पर नहर पुलिया तक निर्मित खड़ंजा सड़क के किनारे 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार लगाने का काम चल रहा है।
तार लगाने के लिए रविवार को करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी के बीच काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
देवरिया-कसया मार्ग स्थित जमुनी नहर पुलिया के पास से तरकुलवा-बंजरिया मार्ग तक नहर की पटरी पर कुछ माह पूर्व नगर पंचायत द्वारा खड़ंजा सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क बनने के बाद बिजली निगम की तरफ से सड़क के किनारे 11 हजार वोल्ट की लाइन के तार लगाए जा रहे हैं।
विद्युतीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा को देखते हुए रविवार को तरकुलवा फीडर नौ बजे से 11 बजे तक बंद रहा।
इससे इससे जुड़े लगभग 50 गांवों के उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। जबकि, पथरदेवा फीडर सुबह नौ बजे से सायं तीन बजे तक बंद रहा। इसके चलते लगभग 55 गांवों की बत्ती गुल रही।
बिजली आपूर्ति बाधित रहने के चलते घरेलू कामकाज प्रभावित रहा। लोगों के घरों में लगे इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए। दुकानदारों और छोटे करोबारियों को भी दिक्कते उठानी पड़ी।
जेई लवलेश सिंह ने बताया कि नहर पटरी पर बिजली का काम चल रहा था, इसके चलते आपूर्ति बाधित कर दी गई थी।