चनुकी। लार उपकेंद्र के भागलपुर फीडर में आई तकनीकी खराबी 24 घंटे बाद भी दूर नहीं हो सकी। शनिवार की शाम से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण फीडर से जुड़े करीब दो दर्जन गांवों के 300 उपभोक्ता परेशान हैं। मोबाइल चार्जिंग, पेयजल आपूर्ति और घरेलू कामकाज प्रभावित हो गए हैं। मझवलिया गांव के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर गिर जाने से फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई।
इसके चलते हरखौली, खरका, सजांव, बढ़या, रुच्चापार आदि गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि सूचना देने के बावजूद देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पहले शिकायतों का निस्तारण तत्काल होता था मगर अब उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। लोगो का कहना है कि जेई गोरख गुप्ता और एसडीओ मनीष यादव के स्थानांतरण हो जाने के बाद स्थिति और खराब हो गई है ।
बिजली विभाग का काम देख रहे अवध किशोर सिंह ने कहा कि मझवलिया के बाद तारा कुंडावल में इन्सुलेटर ब्लास्ट किया है, इसलिए बिजली बाधित है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। खुखुंदू संवाद के अनुसार बासुदेवपुर गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर एक सप्ताह से जला पड़ा है। इसके चलते गांव के 55 घरों में अंधेरा छाया हुआ है। निगम कर्मियों का कहना है कि ओवरलोड के चलते ट्रांसफाॅर्मर जला है। अब क्षमता वृद्धि कर 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, बासुदेवपुर गांव में 55 घरों की बिजली 25 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर से संचालित हो रही थी। ओवरलोड के चलते करीब एक सप्ताह पहले ट्रांसफाॅर्मर जल गया। इसके बाद गांव में अंधेरा छा गया। निगम कर्मियों ने पहले जले ट्रांसफाॅर्मर की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कराने की कोशिश की मगर सफलता नहीं मिली।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर की एक काम कर रही है तो उससे जुड़े कुछ लोगों के घर के सिर्फ बल्ब ही जल रहे हैं।
मोटर नहीं चलने से घरों में लगी टंकियां भी सूखी पड़ी है। निगम कर्मियों ने बताया कि अब गांव में 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाएगा। जेई सोनू प्रसाद ने बताया कि एक से दो दिन के अंदर जले ट्रांसफाॅर्मर को बदलकर 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा दिया जाएगा।