दुकानदार समेत दो पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया अकटही बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कार्य में लापरवाही पाए जाने पर सीडीपीओ बनकटा, सुपरवाइजर एवं दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही एक प्राइवेट कर्मचारी एवं चोरी का तेल उपयोग के मामले में दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश भी दिया।
शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र से बाजार में तेल बेचने के मामले में वह अकटही बाजार स्थित मौके पर पहुंचीं। इस प्रकरण में शामिल दुकानदार एवं स्थानीय लोगों से वार्ता एवं योजना के लाभार्थी से चर्चा कीं। उन्होंने कहा कि जांच में यह बात स्पष्ट हुई कि प्रथमदृष्टया सीडीपीओ गोपाल सिंह दोषी हैं, जो अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से नहीं कर रहे हैं। उन्होंने गोपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश डीएम को दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंदु देवी, श्रीमती देवी पूछताछ में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। क्षेत्रीय मुख्य सेविका अनवारुल निशा भी दोषी हैं। तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच कराकर दोषियों को दंडित करें। जिस ठेले से चोरी का तेल प्रयोग करते हुए पकड़ा गया था, उसके मालिक जवाहर कुुशवाहा ग्राम रघुनाथपुर थाना बनकटा ने कुछ भी बताने से इनकार किया है। उपस्थित लोगों ने बताया कि यह काम चपरासी सुजीत कुमार करता है। चोरी का सरकारी सामान खरीदने के आरोप में दुकानदार व चपरासी दोनों पर केस दर्ज कराएं।