- ओमान में मिसाइल हमले में हुई थी युवक की मौत, शव आने का इंतजार कर रहा परिवार
गौरी बाजार। ओमान में मिसाइल हमले में करमाजितपुर निवासी सूरज यादव की मौत के सातवें दिन मंगलवार को तहसीलदार सदर अल्का सिंह और सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और शोकाकुल मां-पिता को सांत्वना दी। शव भारत लाने के संबंध में भी परिजनों से चर्चा कर प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।
करमाजितपुर निवासी ओमप्रकाश यादव के 20 वर्षीय बेटे सूरज 19 अगस्त को रोजगार के सिलसिले में मुंबई से ओमान के लिए रवाना हुए थे। 23 सितंबर को एमबी केव दाओ नामक वाणिज्यिक जहाज से भारत लौटते समय उस पर मिसाइल हमला हो गया। हादसे में सूरज की मौत हो गई।
घटना के तीसरे दिन सूरज के पिता कुवैत से घर लौट आए थे। तब से परिवार को बेटे के शव के आने का इंतजार है। अंतिम दर्शन की आस में परिजन गमगीन हैं और हर दिन उनके लिए भारी गुजर रहा है। मंगलवार शाम तहसीलदार सदर अल्का सिंह, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय और हल्का लेखपाल सूरज के घर पहुंचे। अधिकारियों ने माता-पिता से बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई। शव को भारत लाने की प्रक्रिया के संबंध में भी चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।