कैशवैन लूट की कोशिश के दो आरोपियों पर लगा रासुका
देवरिया। शहर के बरहज गली में 28 मार्च को कैशवैन लूट की कोशिश करने वाले दो बदमाशों पर रासुका की कार्रवाई की गई। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के बरहज गली में एचडीएफसी बैंक के ऋण वसूली कर आ रहे सीएमएस संस्था के कर्मी से कैश लूटने का प्रयास करने वाले दो बदमाशों पुरुषोत्तम जायसवाल निवासी-रावतगंज थाना-कैंयिरगंज जनपद गोरखपुर एवं दीपक पांडेय निवासी-औरैया थाना पनियरा जनपद महराजगंज ने किया था। उस दौरान फायरिंग से अराजकता का माहौल पैदा हो गया था। इनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
डीआईजी/एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने सोमवार को लंबे समय बाद अपने कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों की वर्दी ठीक न देख एसपी ने फटकार लगाई। इसी बीच कुछ पुलिसकर्मियों को देखा कि फिल्मी स्टाइल में बाल का खत बढ़ाए हैं। एसपी ने कहा कि शाम तक खत और बाल छोटा कर मेरे पास आना, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
सुबह करीब 11 बजे एसपी पुलिस कार्यालय में पहुंचने के बाद सबसे पहले विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर देखकर एक-एक पुलिसकर्मी की हाजिरी चेक की। हालांकि सभी पुलिसकर्मी मौजूद मिले। इसके बाद उनके टर्न आउट यानि वर्दी, बाल कटिंग, फाइल आदि को चेक किया गया। कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी देखकर फटकार लगाई और सुधार करने का निर्देश दिया। एसपी ने सचेत किया कि किसी भी पुलिस कर्मी का टर्नआउट खराब नहीं होना चाहिए। यह अनुशासित होने का प्रमाण है। यदि भविष्य में किसी भी पुलिस कर्मी का टर्न आउट खराब पाया गया और समय से कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद एसपी ने पत्रावलियों के रखरखाव के बारे में निर्देश दिया।