देवरिया। आउटसोर्सिंग कंपनी को बार बार एक्सटेंशन देकर महर्षि देवरहा बाबा चिकित्सा महाविद्यालय में कार्य लेने पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पूर्व प्राचार्य डॉ. राजेश बरनवाल को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगने का आदेश दिया है। पूर्व प्राचार्य पर इस नई कार्रवाई से चिकित्सा शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। उपमुख्यमंत्री ने एक्स पर यह जानकारी साझा किया है।
महर्षि देवरहा बाबा चिकित्सा महाविद्यालय में पानी की टंकी में शव मिलने के बाद हुई प्राथमिक जांच रिपोर्ट में लापरवाही मिलने के बाद शासन ने तत्कालीन प्राचार्य डॉ. राजेश बरनवाल को चिकित्सा शिक्षा निदेशालय से सम्बद्ध कर दिया। इनकी जगह एटा मेडिकल कालेज की एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. रजनी पटेल को प्राचार्य का कार्यभार दे दिया गया। इस बीच पूर्व प्राचार्य डॉ. राजेश बरनवाल द्वारा 36 कर्मचारियों वाली आउटसोर्सिंग एजेंसी को बार बार विस्तार देने के मामले में नोटिस देने का आदेश उपमुख्यमंत्री ने दिया है। संवाद