संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर पालिका परिषद देवरिया के सीमा विस्तार की आस फिर जगी है। जनगणना के मद्देनजर राज्य की प्रशासनिक इकाइयों के सीमा विस्तार पर लगी रोक शासन ने जुलाई के अंतिम सप्ताह में हटा ली है। इसके बाद एक बार फिर फाइलों को सहजने में नगरपालिका के अधिकारी जुट गए हैं। सब ठीक रहा तो अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2021 से पहले सीमा विस्तार पर शासन की मुहर लग सकती है। संभावना है कि सीमा विस्तार में नगर से सटे 32 गांव पालिका का हिस्सा बन जाएंगे।
पिछले वर्ष शासन ने 31 दिसंबर तक प्रशासनिक इकाइयों के सीमा विस्तार से जुड़े प्रस्तावों को अमलीजामा पहनाने की मंशा जताई थी। दिसंबर में अनंतिम गजट का प्रकाशन किया गया। शुरूआती प्रस्ताव, संशोधनों व आपत्तियों के निस्तारण के बाद कुल 32 गांवों को नगर पालिका देवरिया में शामिल करने का प्रस्ताव प्रमुख सचिव को भेजा जा चुका है। नगर पालिका सीमा विस्तार के प्रस्ताव पर शासन से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रही है।
ये गांव भी बन सकते हैं नगर पंचायत
पिछले साल जब शासन ने नगर निकायों के सीमा विस्तार और बड़े गांवों को नगर पंचायत बनाने की मंशा जताई तो जिले के आठ गांवों को नगर निकाय बनाने का प्रस्ताव भेजा गया। इनमें मदनपुर, बैतालपुर, लक्ष्मीपुर, तरकुलवा, पथरदेवा, हेतिमपुर, बरवामीर छापर, भलुअनी गांव शामिल हैं। अनंतिम गजट का प्रकाशन भी हो चुका है। शासन से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
सलेमपुर और रुद्रपुर को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव
जिले के दो नगर पंचायतों को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें सलेमपुर और मझौलीराज नगर पंचायत का विलय कर नगर पालिका बनाने की योजना है। रुद्रपुर नगर पंचायत का सीमा विस्तार कर नगर पालिका बनाने के लिए प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है।
पिछले साल दिसंबर में नगर पालिका ने सीमा विस्तार संबंधी सभी कागजी कोरमपूर्ति कर ली है। अनंतिम गजट का प्रकाशन होने के उपरांत सुझाव और आपत्तियों का निस्तारण कराकर प्रमुख सचिव को भेज दिया गया है। 32 गांवों को नगर पालिका में शामिल करने का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। वहां से निर्देश मिलने के बाद अंतिम गजट प्रकाशित कर आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
- रोहित सिंह, ईओ नगर पालिका परिषद देवरिया।