रामपुर कारखाना। क्षेत्र में बंदर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिनों में छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बृहस्पतिवार की देर शाम खाडेछापर निवासी गुड्डू शर्मा, देवरिया-कसया मार्ग स्थित पटनवा पुल के पास अपने निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे थे, तभी बंदर ने अचानक हमला कर दिया। बंदर ने उन्हें काटने के साथ ही नाखूनों से बुरी तरह नोच लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
इसी तरह बृहस्पतिवार की शाम साइकिल से जा रहे कोंहवलिया गांव निवासी जगदीश साहनी को बंदर ने काट लिया, दोनों का इलाज देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया में कराया गया ।
इससे पहले हफ्ते भर पूर्व बरईपुर लाला गांव निवासी ब्रह्मदेव शर्मा, दो दिन पहले बरईपुर लाला निवासी रामप्रीत यादव को बंदर ने काट लिया। करीब छह माह बाद एक बार फिर कोटवा मोड़ चौराहे से लेकर कोन्हवलिया तक बंदर का उत्पात शुरू हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया को मामले की जानकारी दी।
विधायक ने वन क्षेत्र अधिकारी और जिलाधिकारी देवरिया से फोन पर वार्ता कर तत्काल बंदर को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।