रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र में इन दिनों काले बंदर के बढ़ते आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। बुधवार दोपहर एक काले बंदर ने अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पटनवपुल और कोटवा मोड़ के बीच बरईपुर लाला निवासी रामप्रीत यादव (50) को बंदर ने काटकर घायल कर दिया। वहीं, कोन्हवलिया निवासी एक अन्य व्यक्ति को भी बंदर ने काट लिया।
इसके अलावा पटनापुल चौराहे पर खाड़ेछाप्पर निवासी विद्या प्रसाद (70) को बंदर ने धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वह घायल हो गए। परिजनों ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में बंदर का आतंक बना हुआ है। अब तक 10 से अधिक लोगों को बंदर काट चुका है। कई बार वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन अब तक बंदर को पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे लोगों में आक्रोश है।