सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : एसडीएम
कोतवाली में मुहर्रम को लेकर हुई शांति कमेटी की हुई बैठक
सलेमपुर (देवरिया)। मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक सोशल डिस्टेंसिंग के बीच आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल ने सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि सभी त्योहार प्रेम व भाईचारे के प्रतीक हैं। कोरोना संक्रमण का ख्याल रखते हुए त्योहार घर रहकर आपसी भाईचारा को बनाते हुए मिल जुलकर मनाएं। सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीओ वरुण कुमार मिश्र मोहर्रम में जुलूस और ताजिया की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर और पीस कमेटी की बैठक कराकर कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का पालन कराने के लिए कहा जा रहा है। त्योहार में व्यवधान डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कोतवाल गिरिजेश तिवारी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान पूर्व प्रधान फजरूल रहमान, अशलम भाई, सभासद सहवाज, जैनूल अख्तर, मंजूर आलम, प्रदीप यादव, प्रधान जैनूल आबदीन आदि मौजूद रहे।