सरयू नदी का पानी दो सप्ताह से स्थिर, फिर भी सता रहा भय
भागलपुर (देवरिया)। सरयू नदी दो सप्ताह से स्थिर है, फिर भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल नदी के पानी में विलीन हो चुकी है।
केन्द्रीय जल आयोग तुर्तीपार के अनुसार नदी का जलस्तर तुर्तीपार रेगुलेटर पर शुक्रवार को दोपहर 65मीटर 45 सेमी दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1मीटर 15 सेमी ऊपर है। आयोग ने अगले 24 घंटे में जलस्तर में कमी होने का अनुमान लगाया है। नदी का पानी स्थिर होने के बावजूद तटवर्ती गांव के लोगों में भय व्याप्त है। मवेशियों के चारों का संकट पैदा हो गया है। लोगों को आने जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। सरयू की बेलगाम लहरें तटवर्ती इलाकों में कहर बरपा रही है। केंद्रीय जल आयोग तुर्तीपार के जेई आलोक गुप्ता ने बताया कि नदी में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। मीटर पर हर समय निगरानी रखी जा रही है।