मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर युवकों ने किया हमला
देवरिया। खुखुंदू थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के पास बुधवार की देर शाम कार में बाइक से टक्कर के बाद मनबढ़ युवकों ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर रमेश सिंह की पिटाई कर दी। डॉक्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार युवकों का पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए। घायल चिकित्सक को आस-पास के लोगों ने जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
सलेमपुर कोतवाली केे नादघाट निवासी डॉ. रमेश सिंह शाहजहांपुर जनपद में तैनात थे। ट्रांसफर के बाद बुधवार को वह महर्षि देवरहा बाबा राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में पदभार ग्रहण करके रात में कार से अपने गांव जा रहे थे। अभी वह खुखुंदू थाना क्षेत्र के बहदुरापुर गांव के पास पहुंचे थे, पीछे से उनकी कार में बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। इस पर डॉक्टर ने कार रोक ली। टक्कर मारने वाले युवक कॉल कर अपने कई साथियों को बुला लिए।
सभी लाठी, डंडे लेकर आए और डॉक्टर पर हमला कर दिया। डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उनको अस्पताल भेजवाया। डॉक्टर हमले की खबर सुनकर भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह कार्यकर्ताओं के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस के अधिकारियों को दी। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर बहदुरापुर गांव निवासी सुभाष सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।