राजकीय औद्योगिक आस्थान तथा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा।
कारोबारियों ने कहा कि तीन दिन पहले भुजौली कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति क्लासिक मोटर्स पर पहुंचा और दुर्घटना क्लेम के बारे में कर्मचारियों को धमकाया। साथ ही मालिक योगी अरोरा व स्टाफ को देख लेने तथा प्रतिष्ठान में आग लगाने की धमकी दी। इसकी सूचना सीओ सिटी व कोतवाल को दी गई।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी संगम यादव कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेज दिया। इस तरह की घटना ठीक नहीं है। इसके अलावा औद्योगिक आस्थान में शाम होने पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
शाम होते ही रोड के किनारे शराब पीते हैं और गलत हरकत करते हैं। इस पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने क्लासिक मोटर्स के मालिक को शस्त्र लाइसेंस जारी करने व कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करने, राजकीय औद्योगिक आस्थान में नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने व मुख्य मार्ग पर झुग्गी झोपड़ी के पास हो रहे गलत कार्यों को रोकने की मांग की है।
इस दौरान इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव अरोड़ा, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष जेपी जायसवाल सहित अन्य कारोबारी मौजूद रहे।