संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज में विश्व हाइपरटेंशन पखवाड़ा के तहत मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिसर में रैली निकाल कर लोगों को हाइपरटेंशन को लेकर जागरूक किया गया। साथ ही इसके लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी।
कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. श्वेता सिंह ने कहा कि तनाव की वजह से ब्लड प्रेशर की समस्या होती है। तनाव मुक्त होकर ब्लड प्रेशर को सही रखा जा सकता है।
मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. सिराजुद्दीन अंसारी ने कहा कि हाइपरटेंशन से लोग पीड़ित हो रहे हैं। इससे बचने के लिए धूम्रपान व एल्कोहल के सेवन से परहेज करना चाहिए। साथ ही कम नमक खाने की सलाह दी। ब्लड प्रेशर बढ़ा रहे तो विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
कहा कि 18 साल के ऊपर के लोगों को ब्लड प्रेशर की नियमित जांच करनी चाहिए। संभव हो तो तीन माह पर बीपी की जांच कराएं। ब्लड प्रेशर की दिक्कत होने पर डॉक्टर की सलाह पर नियमित दवा लें। उसे बीच-बीच में छोड़कर न खाएं। सीएमएस डाॅ. एचके मिश्रा ने कहा कि वर्तमान परिवेश में अनियमित दिनचर्या, तनाव, खानपान की गड़बड़ी की वजह से लोगों को ब्लड प्रेशर की दिक्कत हो रही है। इससे बचने के लिए नियमित दिनचर्या, प्रतिदिन व्यायाम, योगा, मेडिटेंशन करने की जरूरत है। तैलीय व अधिक मसालेदार भोजन का सेवन नियमित नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा डाॅ. ओमकार मिश्रा एवं अतुलेश पांडेय ने हाइपरटेंशन के बचाव एवं रोकथाम विषय पर जागरूक किया।