लॉकडाउन में बंद रहे बाजार, सड़कों पर भी वाहन कम चले
शनिवार को लॉकडाउन की स्थित का एडीजी क्राइम ने लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। इस सप्ताह के लॉकडाउन के पहले दिन बाजार बंद रहे। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम रही है। मालवाहक और जरूरी सेवाओं में लगे वाहन ही सड़कों पर चले। पुलिस भी जगह-जगह चेकिंग करती रही। बाहर निकलने का सही कारण नहीं बता पाने वालों को बैरंग लौटना पड़ा।
प्रदेश सरकार ने हर शनिवार और रविवार को लॉकडाउन कर दिया है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सबकुछ बंद रखने का आदेश है। पहले से जानकारी होने की वजह से लोग जरूरत के सामान शुक्रवार को ही खरीद ले रहे हैं। जिससे कि उनको कोई दिक्कत न हो। शनिवार की सुबह से ही पुलिस हर जगह मुस्तैद रही। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक की दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे। मेडिकल स्टोर्स की दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर मालवाहक वाहन और इमरजेंसी सेवा में चलने वाले वाहन चलते नजर आए। दो पहिया वाहनों की संख्या सड़क पर कम रही। मोहल्लों में भी जरूरत नहीं होने पर लोग घर से बाहर नहीं निकले। वहीं, जिले के नोडल अधिकारी एडीजी क्राइम डॉ. केएस प्रताप कुमार ने सड़क लॉकडाउन की स्थिति देखी। रविवार को भी लॉकडाउन ही रहेगा। इस बाबत एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि जगह-जगह पुलिस पिकेट लगाई गई है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है। बेवजह बाहर निकलने वालों को घर में रहने की सलाह दी जा रही है।
कहीं बंद तो कहीं खुली रहीं दुकानें
लक्ष्मण चौराहा/मेहरौनाघाट। प्रदेश सरकार के निर्देश पर शनिवार को दूसरे लॉकडाउन का सख्ती से पालन किया गया। सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे। भागलपुर, मईल, कुण्डौली, बरठालाला, तेलियाकला आदि प्रमुख जगहों की सड़कें भी सूनी-सूनी रहीं। यदा-कदा कोई चार पहिया व दो पहिया देखी गई। तेलियाकला में जुगाड़ गाड़ी को ड्यूटी पर तैनात पीआरडी के जवानों ने रोका। उसका चालक मास्क नहीं लगाया था। वाहन चालक को मास्क नही लगाने पर हिदायत दे कर छोड़ दिया। थानाध्यक्ष मईल दीपक कुमार ने थाना क्षेत्र का भ्रमण करते हुए वाहनों की चेकिंग की। भागलपुर पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज प्रजापति और उपनिरीक्षक उमा शंकर सिंह के अलावा दिवान दीप चन्द चौधरी, सिपाही शिव कुमार जायसवाल, सनत राजभर, श्याम कुंवर आदि सिपाही मुस्तैद रहे। बलिया जनपद की सीमा पर आने-जाने वालों के ऊपर पैनी नजर रही। बंदी के दिन भी कुछ दुकानदार दुकान खोल कर बैठे रहे। जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात थे। मेहरौना, सुतावर, चोरडीहा, लार, पीपर चौराहा सहित लोग बिना काम और बिना मास्क के भी घूमते नजर आए। इस संबंध में प्रभारी एसओ प्रमोद सिंह ने बताया कि लॉकडाउन का कठोरता से पालन कराया जा रहा है।
दो दिन के ब्रेक के बाद तीन पॉजिटिव
रुद्रपुर। नगर में कोविड का कहर रुक तो नहीं रहा लेकिन रफ्तार कम हो रही है। एक सप्ताह के लॉकडाउन के बाद पिछले दो दिन तक रुद्रपुर में कोई केस नहीं मिला। शनिवार को आई रिपोर्ट में रुद्रपुर के तीन लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें से एक सीआरपीएफ का जवान और एक थाने का सिपाही है। तीसरा शख्स गोलावार्ड का रहने वाला है। गोलावार्ड में संक्रमितों की संख्या 12 पहुंच गई है। सचौली पटवनिया गांव का रहने वाला सीआरपीएफ का जवान जम्मू काश्मीर के श्रीनगर में तैनात था। वह 12 जुलाई को हवाई जहाज से लखनऊ और वहा से बस से घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद जांच कराई तो पॉजिटिव निकला। वहीं कोतवाली का एक और सिपाही संक्रमित हो गया है। कोतवाली में सीओ सहित सात लोग संक्रमित हो चुके हैं। सीएचसी पर कोविड का टेस्ट जारी है। अधीक्षक डॉ दिनेश यादव ने कहा कि चार दिन पहले नगर में निकलने वाले केस की रफ्तार काफी कम हुई है। पहले एक दिन में छह से 12 केस निकल रहे थे। इधर, दो दिन से रुद्रपुर में कोई केस नहीं निकला। लॉकडाउन होने से केस की संख्या घट रही है। शनिवार को रुद्रपुर में तीन लोग पॉजिटिव पाए गए। कोविड टेस्टिंग सेंटर पर रोज 50 से 60 लोगों के नमूने लिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को घर में रहने और निकलने पर मास्क लगाने की अपील की।