देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के खोराराम स्थित देशी शराब की दुकान के मालिक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला आखिरकार सदर रेलवे स्टेशन पर आकर खत्म हुआ।
पांच दिन तक गुमशुदगी के इस मामले में अंदर की कहानी यह है कि पार्टनर के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर कुछ गड़बड़ है। हालांकि दोनों पक्ष ने अपना पर्सनल मामला बताते हुए पुलिस से इतर हल करने का फैसला लिया है। इससे पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।
पांच दिन तक 3.26 लाख रुपये लेकर गायब रहने वाले युवक का सुराग न मिलने से जहां परिजनों में अनहोनी की आशंका गहरा गई थी, वहीं पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे थे। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बनकट बहादुरपुर निवासी दिवाकर यादव (30) बीते 16 मार्च को दुकान की बिक्री के 3 लाख 26 हजार रुपये लेकर अपने सहयोगी आलोक राय निवासी भीमपुर गौरा के यहां जमा करने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। पत्नी रीमा देवी के अनुसार दिवाकर ने घर से निकलते समय पेमेंट देकर लौटने की बात कही थी। लगातार पांच दिन तक कोई सुराग न मिलने से परिवार में बेचैनी और आक्रोश बढ़ता गया। इसी बीच मामले ने नया मोड़ तब लिया जब दिवाकर यादव सोमवार की रात नशे की हालत में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर मिला।