रिश्वत लेने के आरोप में लेखपाल निलंबित
लेखपाल पर केस दर्ज कराने का निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद लेकर आई महिला ने कहा
लेखपाल साहब रिश्वत लेकर भी नहीं कर रहे जमीन की पैमाइश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद लेकर आई एक महिला की शिकायत पर एडीएम ने आरोपी लेखपाल को निलंबित कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। महिला ने हलका लेखपाल पर दो साल से रकम लेकर पैमाइश नहीं करने और धमकी देने का आरोप लगाया। मामले को गंभीरता से लेकर एडीएम प्रशासन कुुंवर पंकज ने आरोपी लेखपाल गिरधारी को निलंबित कर तहसीलदार को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देेश दिए।
जोगम गांव निवासी बुजुर्ग महिला सुरजोतिया ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि दो साल पहले एसडीएम ने प्रार्थनापत्र पर उसकी जमीन की पैमाइश करने के लिए हलका लेखपाल गिरधारी को आदेश दिए हैं। वह पैमाइश के लिए दो साल से लेेखपाल का चक्कर काट रही है। दो साल पहले लेखपाल ने पैमाइश के लिए उनसे 2500 रुपये नकद ले लिए। काम नहीं होने पर रकम वापस करने के लिए कहने पर 500 रुपये वापस कर दिए। दोबारा बाकी रकम मांगने पर गाली-गुप्ता दे रहे हैं। बुजुर्ग महिला से रिश्वत लेने के मामले को लेकर एडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने एसडीएम को लेखपाल को निलंबित करने और तहसीलदार को पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर आरोपी लेखपाल पर एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया। रिश्वत खोरी के मामले में संपूर्ण समाधान दिवस पर त्वरित कार्रवाई से हड़कंप मचा है। एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय ने कहा कि आरोपी लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के लिए तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी गई है।
संपूर्ण समाधान दिवस में आए 39 मामले
रुद्रपुर। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर 39 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से राजस्व विभाग से संबंधित सिर्फ दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से जुडी 23 शिकायतें, पुलिस विभाग के 13, विकास विभाग से एक, समाज कल्याण से एक और अन्य विभाग से जुड़ी एक शिकायत दर्ज की गई। एडीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस पर आईं शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय, बीडीओ विवेकानंद मिश्र, तहसीलदार अभयराज, नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह, कोतवाल विजय सिंह आदि मौजूद रहे।