क्रिकेट मैच खेलकर साथी के साथ घर जा रहा था राजू, फकईपुर गांव के पास हुआ हादसा
बरहज। कपरवार पश्चिमपुरा निवासी राजू शाह 27 वर्ष पुत्र जमीर शाह शनिवार को साथियों के साथ क्रिकेट मैच खेलने गया था। शाम को वह घर लौट रहा था। इसी बीच मदनपुर थाना क्षेत्र के फकईपुर गांव के निकट हादसे का शिकार हो गया। इसमें राजू की मौत हो गई, जबकि गांव निवासी और साथी बटलर पुत्र कांता गंभीर रूप से घायल हो गया। राजू के मौत की जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया।
कपरवार पश्चिमपुरा निवासी राजू शाह दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच खेलने गया था। लोगों के अनुसार राजू साथी बटलर के साथ बाइक से घर जा रहे थे। इसी बीच फकईपुर गांव के निकट बाइक अनियंत्रित हो गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए महेन पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजू शाह को मृत घोषित कर दिया। जबकि बटलर की हालत नाजुक देख महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। राजू के मौत की जानकारी होने पर मां हसीना, भाई इस्तेखार अहमद, सैफ, बहन रानी व तनूजा का रो-रो कर बुरा हाल था। इंस्पेक्टर मदनपुर अनिल कुमार ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी। शव को कब्जे में लिया गया है।