बगैर मान्यता के विद्यालयों को नोटिस जारी
देवरिया। जिले के विभिन्न शिक्षा क्षेत्रों में सोमवार को बीएसए के निर्देश पर बगैर मान्यता के चल रहे स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर व देवरिया सदर क्षेत्र में ऐसे विद्यालयों के संचालकों को नोटिस जारी किया गया। इससे प्राइवेट स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। बीएसए कार्यालय में तो कई प्रबंधक मान्यता लेने की प्रक्रिया की जानकारी करते दिखे।
बगैर मान्यता के चल रहे प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ शासन का रुख सख्त होने के बाद अब जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। बीएसए संतोष कुमार राय ने भी कुछ दिनों पूर्व हुई बैठक में सभी खंड शिक्षाधिकारियों को नि:शुल्क एवं बाल शिक्षा अधिकार नियमावली-2011 के तहत बिना मान्यता प्राप्त किए चल रहे स्कूलों के खिलाफ कार्यवाही एवं दंड निर्धारित करने का आदेश दिया था। अधिकारियों का मानना है कि प्राइवेट स्कूलों के संचालन से परिषदीय स्कूलों के नामांकन पर सीधा असर पड़ रहा है। सोमवार को जिले के कई शिक्षा क्षेत्रों में ऐसे स्कूलों की औचक जांच संबंधित क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों की ओर से की गई। इसकी जानकारी होते ही कई संचालकों ने स्कूल में छुट्टी कर दी। नगर क्षेत्र में स्कूलों की जांच की गई। नगर क्षेत्र के बीईओ ज्ञानचंद मिश्रा ने बताया कि 12 से अधिक स्कूलों की जांच की गई है। इसमें सात को बगैर मान्यता के संचालित पाया गया है। इन्हें नोटिस दिया गया है। बिना मान्यता दोबारा संचालित करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।