देवरिया। यूपी बोर्ड परीक्षा में केवल हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त एक विद्यालय ने 13 छात्रों का इंटर परीक्षा का फार्म भरवा दिया है। इससे उनका भविष्य खतरे में है। बोर्ड द्वारा नामित कम्प्यूटर फर्म की जांच में यह मामला पकड़ में आया है। इस पर बोर्ड के अपर सचिव ने डीआईआईओएस से इसकी जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा है। जांच में मामला सही मिला तो विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
प्रताप मेमोरियल हाईस्कूल कालाबान गौरीबाजार ने माध्यमिक शिक्षा परिषद से हाईस्कूल तक की मान्यता ली है। यूपी बोर्ड का परीक्षा फार्म भरते समय इस विद्यालय ने हाईस्कूल का फार्म भरवाने के साथ ही 13 छात्रों से इंटर बोर्ड परीक्षा का फार्म भी भरवा दिया।
इसकी जानकारी बोर्ड के परीक्षा संबंधी कार्य देख रही कम्प्यूटर फर्म को हुई। उसने यूपी बोर्ड के गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय को इस बारे में सूचित किया।
क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव ने आठ दिसंबर को जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन भारती मंगलवार को प्रताप मेमोरियल हाईस्कूल कालाबन पहुंचे। मौके पर प्रधानाचार्य नहीं मिले। उन्होंने फोन पर बात किया तो प्रधानाचार्य ने बताया कि उनकी मां का निधन हो गया है। बुधवार तक नोटिस का जवाब दे देंगे। मामले में सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन भारती ने बताया कि हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त विद्यालय का इंटर का फाॅर्म भरवाना बड़ी गलती है।
विद्यालय ने बिना मान्यता ही इंटर का फार्म भरवा दिया है। प्रधानाचार्य बुधवार को अपनी आख्या देंगे। इसका परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।