देसही देवरिया। पिपरा मदन गोपाल गांव के बीएलओ का मोबाइल हैक कर ह्वाट्सएप के मैसेज अलग-अलग ग्रुपों में भेजने के मामले का न तो स्थानीय पुलिस ने संज्ञान लिया और न ही साइबर पुलिस ने ही इस तरफ ध्यान दिया।
वहीं एक साथ कई ग्रुपों में लगातार मैसेज भेजे जाने का ह्वाट्सएप ने स्वत: संज्ञान लिया और इस नंबर के ह्वाट्सएप को लॉक कर दिया। दिन भर लॉक रहने के बाद शाम को ह्वाट्सएप पर मैसेज का आदान प्रदान शुरू हुआ। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल गांव के बूथ संख्या 74 के बीएलओ सुशील कुमार भारती हैं।
इनका आरोप है कि सोमवार को इनके मोबाइल को किसी ने हैक कर ह्वाट्सएप नंबर से तमाम डॉटा अन्य ग्रुपों में शेयर कर दिया। अचानक उनके नंबर से मैसेज शेयर होता देखकर कुछ साथी शिक्षकों और बीएलओ ने सुशील को इसकी जानकारी दी तो वह हैरान हो गए। सुशील ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। उनका कहना है कि कुछ देर बाद ह्वाट्सएप ने स्वतः मामले का संज्ञान लेकर नंबर को लॉक कर दिया। एसओ रामपुर कारखाना अभिषेक कुमार राय ने कहा कि मुझे इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। बीएलओ की तरफ से भी कोई शिकायती पत्र या सूचना नहीं दी गई। साइबर क्राइम सेल की तरफ से भी कोई सूचना नहीं मिली है।