भटनी। मारपीट मामले में पीड़ित के शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर बुधवार शाम एसपी ने थाने के प्रभारी निरीक्षक, कस्बा चौकी प्रभारी और हल्का सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया।
जानकारी के अनुसार, भटनी के परसौनी गांव में सितंबर महीने में दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। मामला थाना पर पहुंचने पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया। हालांकि गांव के कुछ लोगों के समझाने पर दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर ली। इसी बीच मारपीट में घायल युवक की तवियत खराब हो गई। परिजन उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में करा रहे थे। 20 दिन पूर्व इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि मौत के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पर तहरीर दिया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। शिकायत पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के पास शिकायत पहुंचने पर उन्होंने बुधवार को प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी मनोज उपाध्याय और हल्का सिपाही वीर बहादुर को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि कार्य में लापरवाही पर प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हुई है।