मुसैला-बड़हरा के बीचबाइक की चपेट से घायल व्यक्ति की अस्पताल में मौत
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुसैला-बड़हरा के बीच में बृहस्पतिवार को बाइक की चपेट से दुकान पर खड़े 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार बाइक लेकर भाग गया।
बहादुरपुर निवासी रामअशीष यादव पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। तीन भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे रामअशीष किसी कार्यवश पैदल ही मुसैला-मईल मार्ग पर निकले थे। बताया जा रहा है कि वह मुसैला-बड़हरा के बीच सड़क किनारे पटरी पर किसी चाय के दुकान पर खड़ा होकर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से डाक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी श्रीमती देवी, बेटा प्रद्युम्न और कलराज बदहवास हो जा रहे थे। शव शुक्रवार को पोस्टमार्टम होने के बाद गांव आएगा। मृतक रामअशीष ट्रैक्टर-ट्राली चलाकर परिवार की जीविका चलाते थे। मौत के बाद अब परिवार के सामने दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एसओ अनिल कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।