खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया भंडारी की विवाहिता ने थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर से लगाई थी गुहार
पत्नी को बदसूरत कहकर घर से निकालने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के परसिया भंडारी गांव में विवाहिता ने पति पर बदसूरत और बेसहूर होने का लांछन लगाकर घर से निकालने और दूसरी शादी रचाने का आरोप लगाया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पति से बात करने पर उसने बताया कि पत्नी खुद घर छोड़कर गई है। मैं दूसरी शादी नहीं रचा रहा हूं। अब इस मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि विवाहिता का पति पटना, बिहार में नौकरी करता है। उसे बुलाया गया है। सोमवार को थाने पहुंची विवाहिता ने इंस्पेक्टर दिलीप सिंह से न्याय की गुहार लगाई थी। कहा कि वह तीन साल की बच्ची को लेकर कहां जाए। बचपन में ही माता-पिता दुनिया छोड़कर चले गए और अब पति भी दगा दे रहा है।
भटनी थाना क्षेत्र के छितरौली गांव निवासी विनोद यादव के यहां (मामा के घर) रहकर पली-बढ़ी शीला देवी की शादी एक दशक पूर्व खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया भंडारी निवासी बृजेश यादव के साथ हुई। वर्तमान में पति लोकनिर्माण विभाग में पटना, बिहार में नौकरी करता है।
आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही विवाहिता को पति समेत परिवार के अन्य सदस्य साजिश कर दहेज कम मिलने का ताना मारते हुए प्रताड़ित करने लगे। फिर भी सब कुछ बर्दाश्त कर विवाहिता जीवन यापन करती रही। इसी बीच उसकी एक बच्ची हुई। बच्ची के जन्म लेने के बाद विवाहिता को और अधिक प्रताड़ित किया जाने लगा। पति ने घरवालों के साथ साजिश कर विवाहिता के सारे गहने भी हड़प लिए और अपने बैंक खाते के लाॅकर में रख दिया है।
विवाहिता का यह भी आरोप है कि बीते एक साल पहले ससुराल वालों ने बदसूरत और बेसहूर होने का लांछन लगाते हुए मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब पति ने एक दूसरी महिला को रख लिया है। उसके साथ आगामी 19 फरवरी को शादी रचाने जा रहा है। एक सप्ताह पहले ही पति समेत अन्य घरवाले मामा के घर भी पहुंचे थे और बोले अपना सारा समान उठा लाओ। मेरी दूसरी शादी होने जा रही है। विरोध करने पर मुझे और मामा के लड़के नितेश को मारपीट कर घायल कर दिए। विवाहिता ने इंस्पेक्टर से मदद की गुहार लगाई थी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि विवाहिता के पति से मंगलवार को बात हुई है। वह पटना में नौकरी कर रहा है। उसे बुलाया गया है। उसने बातचीत के दौरान बताया कि पत्नी खुद घर छोड़कर गई है। रही बात शादी रचाने की तो यह अपवाद है। मैं दूसरी शादी नहीं कर रहा हूं। अब पति-पत्नी के आमने-सामने होने पर ही हकीकत सामने आएगी।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि पति पटना में नौकरी करता है। उसे बुलाया गया है। आने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।