रामलक्षन के भृगुसरी गांव में हुई घटना
फोटो समाचार।
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। रामलक्षन क्षेत्र के भृगुसरी गांव में सोमवार रात दरवाजे की कुंडी तोड़ कर चोर एक घर में घुस गए। चोरों ने नकदी, आभूषण समेत करीब दो लाख रुपये की चोरी की।
चोरी के दौरान घर में सो रही महिला जाग गई। चोर उसे धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
भृगुसरी गांव निवासी राजाराम निषाद पत्नी छोहाड़ी के साथ रहते हैं। उनके पुत्र रामभगत, बहु इमरिती और पोता नितेश और हरिकेश मुंबई में रहते हैं। राजाराम के मुताबिक, सोमवार की रात हर दिन की भांति दोनों भोजन करके सो गए। रात में करीब एक बजे राजाराम की पत्नी छोहाड़ी देवी घर के कमरे में कुछ आहट सुनकर पीछे गईं तो दरवाजा खुला देखकर दंग रह गईं। आल्मारी में बिखरा सामान देख शोर मचाने लगीं। मोहल्ले के लोगों के जुटने से पहले ही कमरे में छिपा एक चोर महिला को धक्का देकर गांव के बाहर भाग गया।
पीड़ित के अनुसार, चोर दो कमरों में रखा बॉक्स और आल्मारी तोड़कर उसमें से आभूषण, कपड़ा, नकदी उठा ले गए। करीब दो लाख रुपये की चोरी हुई। घर से चोरी कुछ सामान गांव के बाहर एक खेत में मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की।
सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने कहा कि कोतवाली पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस चोरी के घटना के खुलासे में लगी है।