नगर पालिका के सीमा विस्तार की जगी आस
शासन ने मांगी आपत्तियों की निराकरण आख्या
कैबिनेट में मंजूरी मिलने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के विस्तार का मामला एक बार फिर से जोर पकड़ रहा है। शासन ने जिन गांवों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल करने के लिए योजना बनाई है, उसके बारे में मिली आपत्तियों और सुझावों के निराकरण आख्या की रिपोर्ट जिलाधिकारी से मांगी है। नगर पालिका क्षेत्र में 30 राजस्व गांवों को शामिल किए जाने का प्रस्ताव पिछले साल जनवरी माह में भेजा गया था। 14 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई थी।
नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार की प्रक्रिया को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल सकती है। पिछले साल जनवरी में शासन की तरफ से अधिसूचना जारी कर सुझाव व आपत्तियां मांगी गई थीं। उनका निस्तारण किया जा चुका है। शुक्रवार को संयुक्त सचिव गुलाब ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर गांवों के शामिल करने को लेकर आए सुझाव और आपत्तियों के निस्तारण की आख्या तत्काल शासन को उपलब्ध कराने को कहा है। इस पत्र में उन 14 लोगों के बारे में जानकारी मांगी गई है, जिन लोगों ने आपत्ति और सुझाव दिया था। निराकरण आख्या भेजने की तैयारी में आला अफसर जुटे हैं। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह आख्या भेज दी जाएगी।
इन गांवों को किया जाना है शामिल
तिलई बेलवा, परसिया उर्फ खरजरवा, डंभर उर्फ जटमलपुर, पगरा उर्फ परसियां, घटैला गाजी, बरवा गोरस्थान, बड़हरा, चिंतामन चक, पिपरपाती, गोबराई खास, चकबुधन उर्फ सिंहपुर, मेहड़ा नगर बाहर, बोड़िया अनंत, धनौती खुर्द, मुड़ाडीह, सकरापार, देवरिया खास, बभनी नगर बाहर, रामपुर खुर्द, चांदपुर, भीमपुर, पिड़रा, पिपराइच, रघवापुर, धनौती कला, कतरारी, इजरही, दानोपुर, सोंदा, कठिनइया आदि गांव नगर पालिका में शामिल होंगे।
कोट
आपत्तियों की निराकरण आख्या शासन ने मांगी है। कुछ लोगों ने शासन को सीधे आपत्ति भेज दी थी। निराकरण आख्या जल्द भेज दी जाएगी। इसमें तीस गांव हैं, जिनका प्रकाशन कराया गया था। इसके अलावा अन्य प्रस्तावित गांवों के बारे में अभी आदेश नहीं आया है।
-रोहित सिंह, ईओ