छेड़खानी के विरोध पर दूल्हे के पिता को पीटा
सोंदा गांव के पास स्थित एक मैरिज हाल में शनिवार की रात हुई घटना
दूल्हे के पिता हैं पीएसी लखनऊ में तैनात, वाहन क्षतिग्रस्त किए
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर कोतवाली के सोंदा गांव के पास स्थित एक मैरिज हाल में शनिवार की रात में शादी के दौरान छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने दूल्हे के पिता और बरातियों पर हमला बोल दिया। इससे कई लोग घायल हो गए। हमलावरों ने दूल्हे के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित पक्ष ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के उरदौली गांव निवासी पीएसी के जवान प्रेमचंद्र चौहान के पुत्र नीतेश चौहान की शादी खुखुंदू के बिरजापुर झंमटौर में तय हुई थी। उन्होंने लखनऊ में मकान का निर्माण करा रखा है। इसके कारण लखनऊ से ही शनिवार की रात बरात देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर सोंदा गांव के पास एक मैरिज हाल में पहुंची। शादी के दौरान कुछ मनबढ़ युवक पहुंच गए और युवतियों के साथ छेड़खानी करने लगे। इसका विरोध बरातियों ने किया तो बहस हो गई। करीब आधी रात को युवक अपने साथियों के साथ मैरिज हाल में पहुंच गए और बरातियों पर हमला बोल दिए। इसमें दूल्हे के पिता प्रेमचंद्र चौहान समेत कई लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन हमलावर फरार हो गए थे। हमलावरों ने दूल्हे की कार सहित दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रभारी कोतवाल बदरुद्दीन खान ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।