अभिलेखागार के लिपिक समेत पांच पर जालसाजी का मुकदमा
देवरिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने भूमि के कागजात में हेराफेरी करने के मामले में कलेक्ट्रेट स्थित रिकॉर्ड रूम के बाबू, तत्कालीन लेखपाल समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य का आरोप है कि आरोपियों की मिलीभगत से एक व्यक्ति का नाम गाटा संख्या से हटाकर दूसरे का अंकित कर दिया गया है।
खामापार थाना क्षेत्र के तरैया गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य निर्भय नारायण सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई थी कि तत्कालीन लेखपाल ग्राम सरया ने कूटरचना कर गंगाजली पुत्र जगदेव के स्थान पर गाटा संख्या में किसी दूसरे का नाम अंकित कर दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच सीआरओ ने की तो जालसाजी की बात पुष्टि हो गई थी लेकिन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। बुधवार को इस मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने कलेक्ट्रेट स्थित रिकार्ड रूम के बाबू नाम पता अज्ञात, तत्कालीन लेखपाल नाम अज्ञात, सरया गांव निवासी भुटैली सिंह उर्फ विजेश्वरी, बांसघाटी निवासी रामअशीष, सरया गांव निवासी नवनीत कुमार सिंह उर्फ पंकज के खिलाफ कूटरचना कर सरकारी अभिलेख में नाम दर्ज करने का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।